Thursday, 9 August 2018

बेख़बर हूँ और बाख़बर भी

मैंने प्रेम किया, पर छुपाया नहीं। जब प्रेम में असफल हुआ तो दुख के आँसू भी नहीं छुपाए। जीवन का वो पहला प्रेम जिसमें एक लड़की के साथ घंटो बैठे रहे लेकिन उसे अपने दिल की बात नहीं बता पाए, वो भी सब जानते हैं। मेरा पहला चुम्बन, पहला आलिंगन और पहला सहवास भी लौह दीवार के पीछे नहीं हुआ। मैंने, जब किसी की आँखों में सपने बोये, या की उनकी आँखों से सपने उठाकर अपनी पलकों पर सजाए, किसी ने बालों में उंगलियां फेरीं या मैंने अपनी उंगलियों से किसी के गाल पर अपने नाम लिखे, ये सब दुनिया देख रही थी। प्रेम में असफल होकर मैंने भी दुख को कविताओं में उकेरा लेकिन फिर फिर प्रेम किया। बस इसलिए, की जीवन अगर प्रवाह है तो मुझे भी क्यों ठहरना।
इस सब की वजह से, कब सबकी नजरों में, मैं चरित्रहीन हुआ, इसका पता ही नहीं चला। कब मेरे प्रेम पर लोगों की हिकारतें बरस गईं, नहीं मालूम। कितना अजीब है न ! जब मैं प्रेम में जला तब भी और जब प्रेम में असफ़ल होकर दुख में जला तब भी लोगों ने मुझसे उठ रही लपटों से अपने दिए रोशन किये। हंसी भी आई, लेकिन अच्छा भी लगा। हम हर हाल में रोशनी बिखेर पाएं, इससे बेहतर और हो भी क्या सकता है ! अब वो कहते हैं कि मेरा प्रेम, एक अपराध था, दुनिया से बग़ावत थी, अनैतिक और अधार्मिक था, के मैंने धर्म की सत्ता, ईश्वर के नियम सबको चुनौती दी। और मैं, हैरान हूँ कि दो जोड़ी होंठो के मिलने से ईश्वर, धर्म, नैतिकता सब के सब कैसे हिल जाते हैं ! एक आलिंगन धरती को कैसे हिला सकता है ! मुझे भले ही ये समझ में न आये, लेकिन वो कहते हैं कि मैंने धरती और आसमान के खुदाओं को दुखी और नाराज़ किया है।
इन सब से बाख़बर भी हूँ और बेख़बर भी !
प्रेम बन किसी तप्त हृदय में बरस जाने को तत्पर भी हूँ तो ऐसी ही बारिस का मुन्तज़िर भी।   आख़िर इस दुनिया में इससे बेहतर करने को है ही क्या ?

.. 10 अगस्त 2018

Friday, 28 July 2017

राख का मुजस्समा

हम साथ थे,
उसे रोशनी की ज़रूरत थी
उस वक्त मेरे पास मेरे सिवा और कुछ न था
मैंने खुद को जलाकर उसे रोशन किया
मैं जल कर रौशन  हुआ और वो मेरे जलने से
आज, सदियों बाद,
वो रौशनी का मुजस्समा है और मैं राख का

Monday, 13 February 2017

उम्मीदें जिंदा हैं अभी

उम्मीदें जिंदा हैं अभी

उसे नहीं पता कि उसके माँ बाप कौन हैं, कहाँ रहते हैं या क्या करते हैं. वो कब और कहाँ पैदा हुआ इस बारे में भी उसे कोई इल्म नही है. उसने जब होश संभाला तो वो एक स्वयं सेवी संस्था की देख रेख में था. बातचीत के लिए हम इस संस्था को चाइल्ड केयर नाम दे देते हैं. वहीँ उसे मालूम हुआ कि उसे स्टेशन से उस संस्था ने हासिल किया था, जिस वक्त स्टेशन पर वो मिला था उस वक्त उसकी उम्र यही कोई तीन साल रही होगी.
उसका नाम शिवदास है. ये नाम उसे चाइल्ड केयर ने दिया था. वो हिन्दू है कि मुसलमान या कुछ और उसे नही मालूम, वो किस जाति या किस वर्ण का है ये भी उसे नही मालूम. चाइल्ड केयर ने उसे पिछड़ा वर्ग में डालने के लिए यादव टाइटल भी दिया लेकिन जब शिवदास थोडा बड़ा हुआ तो उसने अपने नाम के साथ यादव का पुछल्ला हटा दिया. उसका कहना था कि जब ये मालूम ही नहीं है कि वो किस जाति या किस धर्म का है तो वो किसी भी जाति या धर्म को अपने नाम के साथ क्यूँ जोड़े. हाँ वो सभी धर्मो और जातियो की इज्ज़त जरूर करता है.
चाइल्ड केयर में स्टेशन को वो बच्चे भी लाये जाते थे जो नशे के शिकार थे. इनके सोहबत ने शिवदास को भी नशे का शौक़ीन बना दिया. शिवदास को प्यार से अच्छे और बुरे का फ़र्क बताने वाला कोई न था. शिवदास कहता है कि स्टेशन के इन बच्चों के साथ उसने नशा करना जरूर सीखा लेकिन एक आज़ाद ज़िन्दगी जीने की प्यास भी इनकी सोहबत से ही सीखा. आज़ादी के जज़्बे ने विवश किया और शिवदास स्टेशन पर रहने वाले बच्चों के पास भाग आया. ये 2002 का नया साल था, जब वो स्टेशन आया. लेकिन आज़ादी इतनी आसानी से कहाँ मिलती है. शिवदास को अभी स्टेशन आये हुए दो ही दिन हुए थे कि उसे पुलिस ने पकड़ लिया और बाल सुधर गृह भेज दिया. चाइल्ड केयर से आज़ादी और नशे की चाहत में भागा शिव बाल सुधर गृह में पांच साल रह गया. 2007 में वो स्कूल भी गया. अभी स्कूल जाते हुए एक ही महीना हुआ था कि एक दिन साथ जाने वाले पुलिस वालों की आंख बचाकर शिवदास भाग कर स्टेशन आ गया,  और ज़िन्दगी एक नया दौर शुरू हुआ. कबाड़ चुनना, उसे बेचना और मिले हुए पैसों से नशा और खाने पीने की चीज़ों का इतंजाम करना, शरीर थक गया या रात हो गयी तो स्टेशन पर ही किसी कोने में सो जाना रोज़ का काम था.
शिवदास स्टेशन पर रहने वाले बच्चों की टोली का हिस्सा जरूर था लेकिन वह कुछ नया करना भी चाहता था. उसने चाय पिलाने से लेकर खाना खिलाने वाले होटलों में काम किया. लेकिन इन कामो में उसका मन न लगा. वह हमेशा ही कुछ नया करना चाहता था और ये चाहत ही उसे किसी एक जगह रुकने न देती थी. फिर भी चाय की दूकान पर उसने पूरे एक साल गुज़ारा. चाय की दुकान छोड़ी तो ट्रक की मरम्मत करने वाली दूकान पर काम करने लगा और यहाँ भी करीब एक साल रहा. यहाँ छोड़ा तो मोटर साइकिल बनाने के काम में लगा और यहाँ उसने दो साल काम किया. दो साल बाद यहाँ से भी हट गया और कार की मरम्मत करने वाले वर्कशॉप में सात महीने काम किया. इन तमाम कामों में उसका मन नही लगा. लेकिन इन कामो को करते हुए उसने पूरा हिंदुस्तान घूम लिया. कश्मीर और काठमांडू दो ऐसे शहर हैं जो इसके सबसे पसंदीदा शहर हैं.
काठमांडू से उसकी कुछ अच्छी यादें जुडी हैं. जब वह काठमांडू पहुंचा तो वहां काफी सर्दी थी. इस शहर में उसकी जान पहचान का कोई न था, फिर भी लोगों ने उसे स्वेटर और कम्बल दिया. वो कहता है कि ऐसा शायद लोगों ने उसकी हालत देख कर किया. दरअसल अब तक जीवन के लगभग 16 बसंत देख चुके शिवदास को जहाँ अपने साथ हुए बुरे व्यावहार याद हैं जिन्हें वह भूलने की कोशिश करता है तो लोगों के अच्छे व्यावहार भी उसे याद हैं जिन्हें वो भूलना नही चाहता. एक बार कलकत्ता स्टेशन पर चोरी के शक में लोगों ने उसे पकड़ लिया लेकिन एक पुलिस और एक वकील जो कि उसी बोगी में सफ़र कर रहे थे, ने शिवदास को बचाया. बाद में वो सामान जिसके चोरी होने की बात की जा रही थी, यात्री के पास ही मिल गया. शिवदास कहता है कि अगर पुलिस और वाकील दोनों ने बीचबचाव न किया होता तो उसकी बहुत पिटाई होती. शिवदास की ज़िन्दगी के बारे में जानने के बाद वकील साहब ने उसे राय दिया कि उसे यूँ ही आवारा नही घूमना चाहिए बल्कि जो संस्थाएं ऐसे बच्चों के विकास के लिए काम करती हैं उनके पास उसे रहना चाहिए और उनके गाइडेंस में अपने जीवन को बेहतर बनाने के लिए काम करना चाहिए. देखने में ये बड़ी मामूली सी सलाह है, लेकिन गौर किया जाए तो ये सलाह उस इन्सान ने दी थी जिसने बच्चे की मदद की थी और जिसके लिए इस बच्चे के मन में आज भी सम्मान है. मुझे लगता है कि आज अगर ये बच्चा अपनी ज़िन्दगी को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहा है तो इसमें उस मामूली सी दिखने वाली राय का बहुत महत्व है. इससे एक और बात का पता चलता है कि बेघरबार बच्चों के बुरा बनने में उनके साथ खुद को भला मानने वालों के गंदे व्यावहार की बड़ी भूमिका है.
शिवदास एक बार पटरी पर जुआ खेल रहा था तभी किसी का पर्स चोरी हो गया और पुलिस ने उसके पूरे समूह को पकड़ लिया और खूब पीटा. एक बड़ा अधिकारी आया उसने सब लडकों से अलग अलग बात की, पर उसने भी शिवदास को पीटा और गलियां, दीं. वहां से निकला तो वो पुलिस वाला मिला जिसने उसे पकड़ा था, उसने हमदर्दी से बात की तो शिवदास को वो बहुत अच्छा लगा. शिवदास कहता है कि जब इस तरह के हालात का सामना करना पड़ता था, सर्दी या गर्मी से जूझना पड़ता था या इन हालात में किसी को देखते थे तो इश्वर पर गुस्सा आता था और उसे ही कोसता और गालियाँ देता था. 
बेघरबार लोगों का न सिर्फ हमारे मुल्क बल्कि पूरी दुनिया में अपना एक अलग संसार है. खुद को सभ्य दुनिया का बाशिंदा मानने वाले लोग कभी कभी पुन्य कमाने के लिए इस दुनिया की यात्रा करते हैं. बड़ा सरल है पुन्य कमाना. बस इन बेघरबार लोगों के बीच जाइये और उन्हें कभी रोटी खिला दीजिये, कभी अपने पुराने वस्त्र दे दीजिये या कुछ पैसे बाँट दीजिये. बस इतना करते ही आप लुटेरी दुनिया में अपनी साझेदारी की वजह से आपकी आत्मा पर पड़े बोझ से मुक्त हो जाते है. सभ्य दुनिया का बाशिंदा बेघरबार जिंदगी गुजरने वालों की दुनिया को नैसर्गिक मानता है. एक तो इसके माध्यम से कर्म के सिद्धांत को उचित ठहरा पाता है दुसरे खुद के अच्छे कर्मों के लिए ऐसी दुनिया को उपयोगी मानता है. ज़ाहिर सी बात है सभ्य दुनिया का वासी बेघरबार ज़िन्दगी गुजरने वालों की बेहतरी के लिए कुछ भी करना जरूरी नहीं समझता. शिवदास ने भले ही किसी कान्वेंट स्कूल का मुंह नही देखा, लेकिन उसकी आँखे धार्मिकों को बहुत गहरे तक देख लेती हैं. बावजूद इसके उसके भीतर एक बच्चा अब भी रहता है जिसे सरलता और सहजता आकर्षित करती है.  
मंदिर के सामने बिखारियों की भीड़ एक खास वक्त इकठ्ठा हो जाती है. दान-दाता आते हैं, जो कभी भोजन तो कभी पैसा बांटते हैं. लेकिन शिवदास उनके दान देने के तरीके पर सवाल उठाता है. उसका मानना है कि दान देने वाले दान लेने वालों से घृणा करते हैं और बेहद अपमानित अंदाज़ में उन्हें खाना या पैसा देते हैं. साथ ही वो दान लेने वालों को भी बुरा भला कहता है. उसका आसान सा तर्क है कि किसी दान दाता से दस रूपये लेने में जो चोट और अपमान सहना पड़ता है उससे कहीं ज्यादा आसानी से दस रूपये कमाए जा सकते हैं. शिवदास एक अख़बार के लोगों का भी ज़िक्र करता है जो सर्द रातों में ख़ामोशी से आते हैं और स्टेशन पर सो रहे सभी लोगों पर चुपचाप कम्बल डाल कर चले जाते हैं. वह उनके कम्बल से गरीबों के शारीर को ढकने के अंदाज़ को बड़े भाव के साथ बयान करता है. और अंत में वो फैसला सुनाता है कि दान पुन्य करने से कोई बड़ा आदमी नही बन जाता. तो बड़ा आदमी कैसे बना जा सकता है, मेरे इस सवाल का वह बिना रुके जवाब देता है. वो कहता है कि- अगर अनाथों की इतनी चिंता है तो उन्हें ज़मीन का एक टुकड़ा क्यों नही दिया जाता जिसमे सैकड़ों बेघरबार लोगों को बसाया जा सकता है?
अपने अनुभव संसार में देखते हुए वो कहता है कि “मैंने कई बार देखा है कि किसी मंत्री के कारण रास्ता रोक दिया गया और भीड़ में फंस कर किसी बीमार की जान चली गयी. ऐसा देखता हूँ तो दिल में आग लग जाती है. उसने कार बनाने के दौरान देखा है कि जो अमीर लोग उसके पास अपनी गाड़ियाँ ठीक करवाने आते थे, वे लोग उसे बहुत गिरी हुई निगाह से देखते थे. जहाँ वो मध्यवर्गीय लोगों के लिए घृणा से भरा हुआ है वहीँ ट्रक ड्राईवरों के लिए उसके मन में बहुत सम्मान है. उसका कहना है कि ये ड्राईवर मेहनती होते हैं और इन्सान को इन्सान समझते हैं. आज भी वो कभी कभी इन ड्राईवरों से मिलने जाता है. शिवदास कहता है कि “जब इन ड्राईवरों को पता चलता है कि मैं पढाई करता हूँ तो वे बहुत खुश होते है.”
2012 में शिवदास उस संस्था के संपर्क में आया जहाँ आज वो हाई स्कूल का छात्र है. वो कहता है जब वो इस संस्था के हॉस्टल में आया तो उसे लगा कि ये उसका घर है. उसने इस घर की साफ़-सफाई की और इसे सजाया, शुरू में स्टाफ की भी कमी थी तो शिवदास खाना बनाने में भी मदद करता था. हॉस्टल की पूरी जिम्मेदारी शिवदास और उसके दुसरे साथी सँभालते थे. वो कहता है कि वो अतीत पर ज्यादा नही सोचता, जो साथ देता है, सहारा देता है वही परिवार है.
शिवदास मार्शल आर्ट सीखना चाहता है ताकि गलत का पुरजोर विरोध कर सके. यही नहीं जो गलत है उसके सुधार लिए मिलकर लड़ने कि जरूरत को भी वो समझता है. वो ये भी जनता है कि गलत के खिलाफ लड़ने के लिए एक जुटता जरूरी है. वो जनसमर्थन और राजनीतिक विरोध की ताकत को भी जनता है.
मोटर साईकिल की दुकान पर काम के दौरान मालिक ने उसके ऊपर चोरी का इल्जाम लगाया था जिसकी वजह से उसने वहां से काम छोड़ दिया था यही नही उस मालिक के पास छः महीने की अपनी मजदूरी भी छोड़कर आ गया था. फिर वो दूसरी जगह काम करने लगा, बाद में चोर पकडाया और चोरी के कुछ पैसे भी मिल गये. पुराने मालिक ने शिवदास को काम पर वापस बुलाया लेकिन वो नही गया. यही नहीं मालिक के कहने के बाद भी वो अपने पैसे तक लेने नहीं गया. उसने अपने उस मालिक से ये जरूर कहा कि वो उसकी मज़दूरी के पैसे उस संस्था को दान कर दे जिसने उसे मोटर साइकिल बनाना सिखाया है.  
शिवदास के लिखना- पढना सीखने का अंदाज़ भी निराला था. स्टेशन पर रहने के दौरान ट्रेन को देख देख कर बोगी पर लिखे नाम और नंबर पढना सीखा इस अभ्यास से इतना तो हुआ था कि उसे अटक अटक कर किताबें या अख़बार पढ़ना आ गया. उसे बड़ा आदमी बनना है लेकिन अपने लिए नही बल्कि दबे कुचले लोगों के लिए. उसे साइंटिस्ट भी बनना है जिससे वो ऐसी तकनीक का निर्माण कर सके जिससे गरीब आदमी की ज़िन्दगी आसान हो सके. वो गरीब आदमी की ज़िन्दगी आसान बनाना जनता है, आज भी वो कई घरेलु दवाइयां बनाना जनता है. शिवदास ने भूख और गरीबी की निर्मम दुनिया को देखा और भोगा है. भूख और गरीबी और भूख और गरीबी की दुनिया में जीने वाले लोगों के प्रति खातेपीते घरों के लोगों का व्यावहार भी उसने देखा है. उसकी बातो में ये दर्द रह रह कर छलक उठता है. जीवन को देखने और जीने के नज़रिए में उसके अनुभव ही मुख्य आधार हैं.
खैर, शिवदास एक स्वयं सेवी संस्था की मदद से न सिर्फ पढाई कर रहा हैं बल्कि अब हाई स्कूल का एग्जाम देने जा रहा हैं. नशा करने की आदत काफी पहले छूट चुकी है. इस हॉस्टल में आकार शिवदास को घर और परिवार दोनों मिला है और वो लोग मिले हैं जो शिवदास के बारे में इससे भी ज्यादा सोचते हैं. आज शिवदास को लगता है कि वो ज़िन्दगी के सही राह पर है. यहीं आकर उसने जीने का सलीका सीखा. शिवदास हँसते हुए कहता है कि स्टेशन पर नहाना तो कभी कभार बड़ी मुश्किल से होता था. लेकिन आज वो रोज़ नहाता है और साफ़ सुथरे कपडे पहनता है. जब वो कहता है कि “आज लगता है कि हम भी इन्सान हैं” तो उसकी मंद मुस्कराहट ज़रा तेज़ हो जाती है.  


Monday, 6 February 2017

मेरी खुशबुएँ

मैं बस फूल हूँ, मेरा वजूद बस सूरज के उगने से दिन चढ़ने तक है। लेकिन इतनी देर में मैं फ़ज़ा में बिखेर देता हूँ अपनी खुशबुएँ। दरअसल ये सिर्फ खुशबुएं नहीं है, ये मेरी मोहब्बत है। तुम्हारे दूर बहुत दूर चले जाने के बाद मैंने महसूस किया कि तुम्हारी महक मेरी सांसो में मौजूद है, मैंने अपनी उंगलियों को हवा के नर्म मुलायम जिस्म पर तैरा कर देखा तो मुझे तुम्हारे जिस्म की हरारत महसूस हुई। बस, उस रोज़ से मैंने अपनी खुशबुएँ हवा के हवाले ये सोच कर कर दिया कि अगर इसके पास तुम्हारा जिस्म और उसकी खुश्बू है तो मुझे भी इस हवा के साथ मिल जाना चाहिए। मेरी जड़ें हालात की मिट्टी में कहीं गहरे गड़ी हुई हैं लेकिन खुशबुओं पर वक्त और हालात का कोई पहरा नही। तो बस तब से मेरी मोहब्बत खुशबुओं की शक्ल में हवा के परों पर सवार तुम तक पहुँच रही है। है न वस्ल का ये भी एक नायाब तरीका.!!

Monday, 23 January 2017

खुदा जब हंस पड़ा

मेरी उम्र कुछ खास नहीं थी जब एक दिन मैं खेलते खेलते धर्म के अखाड़े में पहुँच गया था। वहां कई धर्मों के पहलवान गुत्थम गुत्था थे। मेरी हैरानी का उस वक्त कोई ठिकाना नही रहा जब मैंने एक ही धर्म के अलग अलग गुटों को एक दुसरे से लड़ते देखा। जब ये पहलवान आपस में लड़ रहे थे तब उसी वक्त मेरे अब्बू और मेरे मामू भी आपस में लड़ रहे थे। दरअसल ये दोनों दो पहलवानों के गुटों को अपने अपने तौर पर खुदा का एजेंट मानते थे। मामू और अब्बू की आपसी लड़ाई की कीमत अम्मी के साथ ही हम भाई बहनों ने चुकाई।
जब मेरी नज़रें मज़हब और इनके ठेकेदारों से मिलने के काबिल हुई तो मैंने पाया कि ये सारे पहलवान कुछ अजीब तरह से बने थे, इनके दिमाग खास तरह से काम करते थे और इनके  दिल का दरिया सूख चुका था। इनकी आँखें आग तो बरसा सकतीं थीं लेकिन मोहब्बत या गम के आंसू इनमे नहीं आते थे। ये जब बोलते थे तो खिले फूल मुरझा जाते थे और कलियां खिलने से इनकार कर देती थीं। सूरज के पर्दा करने के बाद अगर इनकी आवाज़ फ़ज़ा में गूंजती थी तो जुगनू जाने कहाँ छुप जाते थे और शबनम ज़मीन तक पहुंचने से पहले ही कहीं खो जाती थी।
मुझे मेरे मामू भी प्यारे थे और अब्बू भी। मैं दोनों से सवाल करता, जब तक वो चाहते जवाब देते वरना ज़ोर से डांट देते ! ये सिलसिला बहुत दिनों तक चला, फिर एक रात अचानक चंदा मामू ने मुझे अपनी ऊँगली पकड़ाई और मुझे खुदा के पास ले गए। मेरी उम्मीदों के बरक्श वो मुझे बिलकुल मस्तमौला लगे। उन्होंने मुझे चाँद पर बैठी बुढ़िया नानी की गोद में बिठा दिया और मेरे साथ धरती पर मज़हबी पहलवानों की जंग देखने लगे। मैं देख कर हैरान था कि इस मारकाट को रोका क्यों नही जा रहा था ? आख़िर मैंने खुदा से पूँछ ही लिया... और फिर उसने कहा कि ये पहलवान बड़े खतरनाक हैं और वो खुद भी इनसे डरता है। ... और ऐसा कह कर उसने ज़ोर का ठहाका लगाया।

Sunday, 22 January 2017

गर तुम वापस आओ

तुमने ये तो देखा कि मेरे जिस्म में वक्त ने एक तवील सफ़र तय कर लिया है, लेकिन तुम्हे ये दिखाई नहीं पड़ा कि मैंने मेरे जिस्म का साथ कब का छोड़ दिया है और अभी तक वहीँ ठहरा हूँ जहाँ हमारी पहली मुलाक़ात हुई थी, आज भी मैं उन्हीं चुम्बनों में मौजूद हूँ जिनकी हरारत मेरे लबों पर अब भी बरकरार है। मेरी उंगलियों के पोरों पर तुम्हारे जिस्म की सिहरन अब भी मौजूद है। हाँ वक्त ने मेरे जिस्म में एक तवील सफ़र तय किया है मगर मैं मेरे जिस्म का साथ कहाँ दे पाता हूँ !
तुम आओगी तो नहीं पर अगर आ सको तो वक्त को भी खींच कर वहीँ ले आएंगे जहाँ हम मिले थे, के जहाँ पहली बार हमने एक दुसरे को चूमा था, के जहाँ पहली बार मेरे जिस्म ने तुम्हारे जिस्म को महसूस किया था, के जब पहली बार हमने एक दुसरे के जिस्म पर जिस्म से अशआर लिखे थे। हाँ ये मुमकिन है अगर तुम वापस आ सको !

अँधेरी दुनिया के खात्मे का सफ़र अभी जारी है

बात उस वक्त की है जब मेरी नज़रें देख पाने की सलाहियत से बस लबरेज़ हुई ही थीं और मैंने उजालों की दुनिया के अंधेरे देखने शुरू कर दिए थे। दमकती रोशनी की आगोश में अँधेरे पूरी ताक़त से मौजूद थे। कमाल तो ये है कि लोगों की नज़रें रौशनी की चमक से चुंधिया कर अंधेरों का कोई पता मालूम किये बिना लौटती थीं। जब मेरे पास नज़र नहीं थी तब भी ऐसा ही कुछ चल रहा था और जब मुझे नज़र और इसी के साथ नज़रिया भी हासिल हुआ तो भी हालात में कोई तबदीली नहीं आयी थी। हाँ इतना ज़रूर था कि मेरे जैसे कुछ और लोग थे जिनको उजाले की गोद में मौजूद अँधेरा नज़र आता था।
हम सब ने उजाले को गोशे गोशे में पहुँचाने और अँधेरे को पूरी तरह ख़त्म कर देने का अहद किया और इस सफर पर चल पड़े। अभी हम बहुत दूर नहीं चले थे की मैंने देखा मेरे साथियों की भी नज़रें उजाले की दमक से चुंधियाने लगी थी। ये देखना बहुत तकलीफदेह था। मेरे साथी एक एक कर उजाले की दुनिया में आबाद होते चले गए। मैंने अपनी नज़र को बचाये रखा और ज़्यादा वक्त नहीं गुज़रा था जब मैंने तय किया कि वक्त बर्बाद करने से बेहतर है कि अँधेरी ताकतों से अपनी क़ूवत के मुताबिक लड़ा जाये।
मैंने तय किया कि इस मुकाम पर बेहतर होगा कि जितना मुमकिन हो लोगों की नज़रों को इस अँधेरे को देख पाने के काबिल बनायें जिससे उन्हें वो नज़रिया हासिल हो  कि वो अपने जैसे और लोग तैयार कर पाएं। यह सब करते हुए मैं अपनी ज़िंदगी से बहुत दूर चला गया था। लेकिन फिर भी कुछ चराग़ जलाने में कामयाब रहा, जो चराग़ मैंने जलाए उनमे से कुछ आज भी रोशन हैं। लेकिन मालूम नहीं कि मेरी नज़रें कमज़ोर हो गयी हैं या मेरी कोशिशों में ही कोई कमी रह गयी कि जिन चरागों से उम्मीदें ज़्यादा थीं वही उजाले की दुनिया के साथ जाकर खड़े हो गए। इन सब से मैं काफी परेशान हुआ और सदियों के सफ़र के बाद लौट आया अपनी ज़िन्दगी के पास जिसे सजाने या सवांरने का कभी मुझे वक्त ही नही मिला था। पर, ज़िन्दगी थी कि बस मोहब्बत का मोजस्समा, उसने फिर मुझे गले लगा लिया। अभी भी कमज़ोर नज़रों को देख पाने के लायक बनाने की कोशिशें जारी हैं लेकिन अब अपनी ज़िन्दगी के उधड़े लिबास पर पैबंद लगाने की भी कोशिशें करता रहता हूँ। बस खुश हूँ के अंधेरी दुनिया के खात्मे का सफ़र अब भी जारी है।