Sunday, 22 January 2017

अँधेरी दुनिया के खात्मे का सफ़र अभी जारी है

बात उस वक्त की है जब मेरी नज़रें देख पाने की सलाहियत से बस लबरेज़ हुई ही थीं और मैंने उजालों की दुनिया के अंधेरे देखने शुरू कर दिए थे। दमकती रोशनी की आगोश में अँधेरे पूरी ताक़त से मौजूद थे। कमाल तो ये है कि लोगों की नज़रें रौशनी की चमक से चुंधिया कर अंधेरों का कोई पता मालूम किये बिना लौटती थीं। जब मेरे पास नज़र नहीं थी तब भी ऐसा ही कुछ चल रहा था और जब मुझे नज़र और इसी के साथ नज़रिया भी हासिल हुआ तो भी हालात में कोई तबदीली नहीं आयी थी। हाँ इतना ज़रूर था कि मेरे जैसे कुछ और लोग थे जिनको उजाले की गोद में मौजूद अँधेरा नज़र आता था।
हम सब ने उजाले को गोशे गोशे में पहुँचाने और अँधेरे को पूरी तरह ख़त्म कर देने का अहद किया और इस सफर पर चल पड़े। अभी हम बहुत दूर नहीं चले थे की मैंने देखा मेरे साथियों की भी नज़रें उजाले की दमक से चुंधियाने लगी थी। ये देखना बहुत तकलीफदेह था। मेरे साथी एक एक कर उजाले की दुनिया में आबाद होते चले गए। मैंने अपनी नज़र को बचाये रखा और ज़्यादा वक्त नहीं गुज़रा था जब मैंने तय किया कि वक्त बर्बाद करने से बेहतर है कि अँधेरी ताकतों से अपनी क़ूवत के मुताबिक लड़ा जाये।
मैंने तय किया कि इस मुकाम पर बेहतर होगा कि जितना मुमकिन हो लोगों की नज़रों को इस अँधेरे को देख पाने के काबिल बनायें जिससे उन्हें वो नज़रिया हासिल हो  कि वो अपने जैसे और लोग तैयार कर पाएं। यह सब करते हुए मैं अपनी ज़िंदगी से बहुत दूर चला गया था। लेकिन फिर भी कुछ चराग़ जलाने में कामयाब रहा, जो चराग़ मैंने जलाए उनमे से कुछ आज भी रोशन हैं। लेकिन मालूम नहीं कि मेरी नज़रें कमज़ोर हो गयी हैं या मेरी कोशिशों में ही कोई कमी रह गयी कि जिन चरागों से उम्मीदें ज़्यादा थीं वही उजाले की दुनिया के साथ जाकर खड़े हो गए। इन सब से मैं काफी परेशान हुआ और सदियों के सफ़र के बाद लौट आया अपनी ज़िन्दगी के पास जिसे सजाने या सवांरने का कभी मुझे वक्त ही नही मिला था। पर, ज़िन्दगी थी कि बस मोहब्बत का मोजस्समा, उसने फिर मुझे गले लगा लिया। अभी भी कमज़ोर नज़रों को देख पाने के लायक बनाने की कोशिशें जारी हैं लेकिन अब अपनी ज़िन्दगी के उधड़े लिबास पर पैबंद लगाने की भी कोशिशें करता रहता हूँ। बस खुश हूँ के अंधेरी दुनिया के खात्मे का सफ़र अब भी जारी है।

No comments:

Post a Comment