Sunday, 1 January 2017

अंधेरों की गिरफ़्त में

अंधेरों की गिरफ़्त में
डॉ सलमान अरशद

वो शायद पांच साल का था जब रेल की पटरी के किनारे खेलते हुए एक रुकी हुई ट्रेन में चढ़ गया था और ट्रेन चल पड़ी थी. ट्रेन में वो पहले भी चढ़ा था, पर ये पहली बार था जब वो ट्रेन में चढ़ा था और ट्रेन चल पड़ी. उसे डर लगा था. डर एक अनजान दुनिया का, डर जानी पहचानी दुनिया से बिछड़ने का. इस दुनिया को समझने के लिहाज़ से आखिर पांच साल की उम्र होती ही क्या है, पर ये इंसानों की दुनिया है, जहाँ मजबूरी भी बिक जाती है तो हंसी और आंसू के भी खरीददार निकल ही आते है, इस मासूम को भी ट्रेन में फ़र्श साफ़ करके पैसे मांगने वाले एक बच्चे ने सहारा दिया. ये सहारा देना था या लेना ये तय करना भी कोई आसान काम नही है. बातचीत की आसानी के लिए हम इस बच्चे का नाम विकास रख लेते है. विकास का नाम हमेशा से विकास नहीं था, एक बार जब उसे सुधारगृह ले जाया गया तो लाइन में उसके आगे वाले बच्चे ने अपना नाम विकास बताया, ये बच्चा स्टेशन के बच्चों की टोली में सिनिएर था तो विकास को लगा कि यहाँ उसे भी नाम पूछे जाने पर विकास ही बोलना चाहिए. सुधारगृह के रजिस्टर में ये नाम एक बार दर्ज हुआ तो यही इस बच्चे की पहचान बन गयी. विकास एक सुबह ट्रेन में चढ़ा था  और शाम को पटना स्टेशन पर पंहुचा था. यानि वो पटना से 200 से 300 किलोमीटर की दूरी पर आबाद किसी गांव का होगा. उसे ये भी याद नही है कि वो पटना में किस दिशा से आया था. आज वो पटना में बोली जाने वाली हिंदी बोलता है, लेकिन बकौल उसके बचपन में वो मगही बोलता था.
विकास जो आज 17 साल का है, अपने बचपन की कुछ धुंधली यादों को सीने में संभाले हुए है. वह जिस बस्ती से आया था वहां किसी के पास घर नहीं था, लेकिन सभी लोग अपने अनुसार घरों में रहते थे. दरअसल वो झुग्गी झोपडी की एक छोटी सी बस्ती थी. जब उसने होश सम्भाला तब तक उसके माँ और बाप किसी बीमारी की वजह से मर चुके थे, उसकी झोपडी में वो अपनी दीदी के साथ रहता था. दीदी लोगों के खेतों में मज़दूरी करती थी वैसे ही जैसे इस बस्ती के दूसरे लोग करते थे. दीदी उम्र में काफी बड़ी थी. एक दिन दीदी की शादी हो गयी. जब दीदी की शादी हुई उस वक्त वो वहीं पास में अपने कुछ दोस्तों के साथ खेल रहा था. उसे आज बस इतना याद है कि जिस तरह शहर में शादियाँ होती हैं उस तरह उसकी दीदी की शादी नही हुई थी, लेकिन ये भी याद है कि औरतों ने मिलकर गाने गाये थे. शादी कैसे हुई, इस बारे में भी उसे कुछ साफ़ साफ़ याद नही है लेकिन वो कहता है कि दीदी ने उसी से शादी की जिससे वह प्रेम करती थी. ये बात उसने लोगों से सुनी थी और उसमे अब उसका दुनिया का अनुभव भी शामिल है. उसे ये भी याद है कि जिससे दीदी ने शादी की थी उसका पक्का घर था और वो भी खेतों में काम करता था, लेकिन ये याद नही कि वो अपने ही खेतों में काम करता था या दूसरों के खेतों में मज़दूरी.
शादी के बाद दीदी अपने पति के साथ नही गयी थी बल्कि विकास के साथ झोपडी में थी लेकिन दो दिन बाद जब वो कहीं से खेल कर वापस आया था तो दीदी नही थी, लोगों ने बताया कि वो अपने ससुराल चली गयी. पांच साल के बच्चे के पास असुरक्षा का बोध करने के लिए शायद पर्याप्त समझ नही थी, वैसे भी वो जिस दुनिया में रहता था वहां गरीबी ने लोगों में एक सामूहिकता पैदा कर दी है जहाँ ऐसा बहुत कुछ है जो मेरे तेरे के भेद से परे है. अब इन्ही में एक विकास भी जुड़ गया. लोग अक्सर ही उसे खाना खिला देते, लेकिन ऐसा कई बार होता कि उसे खाना नही भी मिलता, दरअसल वो किसी की जिम्मेदारी नहीं था, अगर वो देर तक बाहर खेलता रह गया तो कोई नहीं था जो उसे पुकारता, कोई नहीं था जो उसके सोने, जागने और खाने की फिक्र करता. वो एक ऐसी दुनिया का बाशिंदा था जहाँ पेट की आग बुझाने के लिए शरीर के सारे खून को पसीने में बदल देना पड़ता है. इस संघर्ष से उपजने वाली खीज अक्सर अपनों पर और अपने आसपास के लोगों पर ही निकलती है. विकास को जाने कैसे ये बात आज भी याद है कि कुछ लोग उसे खाना खिलाने के नाम पर बोलते थे कि जब अपना ही पेट भरने के लाले पड़े हों तो कोई एक और जिम्मेदारी कैसे लेले.  खैर..... विकास आज पटना में रहता है और इस दुनिया की कुछ धुंधली यादें उसमे अभी बाकी हैं लेकिन उस दुनिया में लौटने या अपनी दीदी को ढूढने की ख्वाहिश कम से कम उसके साथ बातचीत में तो नज़र नही आती.
स्टेशन पर बच्चों की एक दुनिया है जहाँ वो पाप और पुन्य से परे अपनी कार्य-योजना बनाते हैं और पूरी तन्मयता के साथ उस पर अमल भी करते है. इनकी दुनिया में भी इश्वर और भगवन है लेकिन जिसकी पकड़ इन पर सबसे ज़्यादा है वो खाकीवर्दी वाला दंडधारी और कहीं भी नज़र न आने वाला लेकिन सर्वव्यापी भूत. इन बच्चों की दुनिया में भूतों के इतने ब्योरे हैं की पूरा भूत पुराण लिखा जा सकता है. स्टेशन के ये बच्चे भीख मांगते हैं, कबाड़ चुनकर बेचते हैं, ट्रेन के डब्बो में छूटे यात्रिओं के सामान उठाकर बेचते हैं, या यूँ कहें कि पेट पालने के हर हथकंडे को यहाँ अपनाया जाता है.
विकास जब स्टेशन पर आया तो अपने साथी की नक़ल करते हुए बोतल चुनकर उसे कबाड़ी वाले के पास बेचने लगा, लेकिन अक्सर ही दुसरे बच्चे उसके पैसे छीन लेते. जैसा वो बताता है, अक्सर ही नये बच्चों के साथ पुराने बच्चे ये  व्यावहार करते है. फक्र के साथ वो ये भी बताता है कि जब वो थोडा पुराना हो गया तो उसने भी उनके पैसे छीने जिन्होंने शुरू में इसके पैसे छीने थे. लेकिन इस छीना-झपटी में ये ज़ख़्मी हुआ, सर फूट गया. लेकिन बच्चों की इस दुनिया में डॉक्टर नही है, चोट लगी तो स्टेशन पर मिला हुआ कपडा पट्टी के तौर पर इस्तेमाल किया गया और वक्त के साथ ज़ख्म ठीक भी हो गये.
हज़ारों तरह के जानवर और दुसरे छोटे-बड़े प्राणी किसी डॉक्टर के पास नहीं जाते. हम इंसानों की दुनिया में ऐसे कितने लोग हैं जिनकी पहुच डॉक्टर तक नहीं है. हमने मिसाइल बनाये, तरह तरह की विलासता के सामान बनाये, मुट्ठी भर अमीरों के लिए उनके ऐश के लिए पूरी दुनिया को ही बाज़ार बना डाला लेकिन हम आम आदमी को खाना, कपडा, मकान और चिकित्सा नही दे पाए. लेकिन शुक्र है अभी प्रकृति यानि हवा सूरज और पानी ने आदमी आदमी में भेदभाव करना नहीं सीखा है, तो वक्त के साथ विकास जैसों के घाव भर ही जाते हैं. लेकिन हवा, पानी, मिटटी और सूरज बहुत दिन तक विकास जैसों की मदद नहीं कर पाएंगे. जिस तेज़ी से हम चुटकी भर सुख के लिए टनों ज़हर प्रकृति की कोख में उड़ेल रहे हैं उससे तो यही लगता है कि बहुत दिन तक हम जीने लायक हवा और पानी फ्री में नही पा सकेगे. सोचिये तब विकास जैसे बिन माँ और बाप के बच्चों का क्या होगा.
स्टेशन पर रहते हुए विकास ने वक्त से दो दो हाथ करना सीख लिया और मज़े से जीने लगा. अब वो न सिर्फ सर्दी और गर्मी का मुकाबला कर सकता था बल्कि कूड़े के ढेर पर पड़ी रोटी के लिए तेज़ दौड़ लगाकर अपने दोस्तों को हरा सकता था, कुत्ते से पहले खाने तक पहुँच सकता था यही नहीं पुण्यात्माओं द्वारा भोजन वितरण में भी भोजन बांटने वालों तक सफलतापूर्वक पहुच सकता था. स्टेशन पर अगर चोरी हो जाये और खाकी वर्दी वाले चोर खोजने निकलें तो नियम से सभी बच्चों को भागना था, विकास ने इसे भी सीख लिया था. मामला कुछ भी हो, वर्दी वालों से बिलकुल नही उलझना था और उनसे बचकर निकल लेना था. उसने ये भी सीख लिया था कि वर्दी वाले बस पीटते हैं और जेल भेज देते हैं ये जानने की कोशिश भी नहीं करते कि गुनाहगार कौन है लेकिन इनसे बचने का एक मात्र रस्ता है भागना. तो बकौल विकास के स्टेशन के सभी बच्चे सबसे पहले भागना सीखते हैं. ये भागना बहुत काम आता है. आप चोरी करें, खाने के लिए लड़ाई करें या पुण्यात्माओं से भोजन हासिल करना हो, ये भागना सभी जगह मददगार साबित होता है.
एक गिरोह है जो बच्चों को पकड़ कर बेच देता है, एक और गिरोह है जो बच्चों को पकड़ कर उनकी किडनी निकाल लेता है, एक और गिरोह है जो बच्चों को लूला, लंगड़ा बनाकर भीख मंगवाता है. ये वो ज्ञान है जो स्टेशन पर आने वाला हर नया बच्चा पुराने बच्चों से सीखता है लेकिन ये किसी को नही मालूम कि सबसे पहले बच्चों को ये ज्ञान किसने दिया था. आप भी विचार कीजिये कि क्या बच्चों का ये ज्ञान निराधार है? इस ज्ञान का ही परिणाम है कि ये बच्चे हर अजनबी को चौकन्नी नज़र से देखते हैं
विकास ने लगभग तीन साल स्टेशन पर गुज़ार लिया था जब एक समाजसेवी संस्था से इन बच्चों की मुलाकात हुई. आपकी सुविधा के लिए इस संस्था को हम बालमित्र का नाम दे देते हैं. बालमित्र के लोगों से उसकी मुलाकात हुई. लेकिन पहली नज़र में इस संस्था के लोगों पर भरोसा नही किया गया. हाँ, उनकी लगातार कोशिशों के बाद बच्चों ने उन पर भरोसा करना शुरू किया.
स्टेशन पर चोरी होना आम बात है. विकास बताता है कि जब चोरी होती तो पुलिस सबसे पहले उसके जैसे बच्चों पर निशाना साधती, नतीज़तन सारे ही बच्चे ऐसे मामलों में एक साथ भागते और उनके भागने की वजह से उन्हें चोर मान भी लिया जाता था. बालमित्र ने विकास जैसों की ज़िन्दगी को पटरी पर लाने की कोशिश की. विकास को रहने और खाने का मुकाम मिला साथ ही उसे साइकिल बनाने का प्रशिक्षण भी दिया जाने लगा. अभी तीन महीने ही गुज़रे थे कि एक दिन एक लड़के से लड़ाई हो गयी, पुलिस और आम लोगों की मारपीट को देख और भोग चुका विकास डर गया और भाग कर एक बार फिर स्टेशन पर आ गया.
स्टेशन वैसे तो इन बच्चों के लिए किसी खूंखार जंगल से कम नही है लेकिन खास बात ये है कि इस जंगल के सारे खतरों से बच्चे वाकिफ़ हैं, उन्हें पता है कब भागना है और कब मुकाबला करना है और कब खामोश रहकर बस देखना है. हो सकता हमारी दुनिया के सभ्य लोग अपनी दुनिया को बेहतर मानते हों लेकिन जब इन बच्चों की नज़र से हम हमारी दुनिया को देखते हैं तो पाते हैं ये इतनी खतरनाक दुनिया है कि बच्चे तो क्या बड़े भी यहाँ आकर खतरों का मुकाबला नहीं कर पाते. वो चेहरा जिस पर ममता नज़र आती है उसी चेहरे पर कब एक खतरनाक पिशाच नज़र आने लगेगा, ये अनुमान लगाना मुश्किल है.
विकास ने एक बार देखा था कि एक बच्चे को चोरी करने की वजह से पब्लिक ने बहुत पीटा था, इसलिए उसने चोरी न करने का फैसला किया था. वो हमेशा अपने फैसले पर क़ायम रहा या नही ये नहीं मालूम. लेकिन उसे ये ज़रूर मालूम हो चुका है कि चोरी के बिना भी ज़िन्दगी बिताने के ज़राये मौज़ूद हैं. वो बताता है कि अक्सर सफ़र के दौरान मुसाफ़िरों के सामान ट्रेन में छूट जाते हैं. जैसे ही मुसाफिर बाहर जाते हैं विकास जैसे बच्चे एक-एक सीट की जाँच-पड़ताल करते हैं और कई बार उन्हें कुछ कीमती सामान मिल भी जाता है. इन सामानों को बेचकर पैसा हासिल करना भी आसान नही है. अक्सर यही माना जाता है कि बच्चे ने चोरी की है, ऐसे में या तो कोई उस सामान को फ्री में हासिल करने की कोशिश करता है या औने पौने दाम मिलते हैं. किसी पुलिस वाले की निगाह पड़ गयी तो पैसा तो गया मार खाने की संभावना भी रहती ही है.
स्टेशन पर कई बार कुछ बड़ी चोरियां भी हो जाती हैं, ऐसे में पुलिस के आसान शिकार होते हैं ये बच्चे. ऐसे ही एक बार एक चोरी के मामले में विकास और उसके जैसे कई बच्चों को पुलिस ने पकड़ लिया और सुधारगृह पहुचा दिया. मैंने जानना चाहा कि क्या पुलिस हमेशा ही गलत होती है, क्या वो सिर्फ परेशान करने के लिए ही बच्चों को पकड़ लेती है? उसका कहना था कि कुछ बच्चे चोरियाँ करते हैं और अक्सर वो पैसे और छोटे सामान ही चुराते हैं जिसे आसानी से बेचा जा सके. लेकिन बड़ी चोरियां अक्सर अलग तरह के गिरोह वाले करते हैं, अगर विकास की मानें तो  पुलिस अक्सर ही इन्हें नही छूती और उनके चोरी का इलज़ाम भी इन्ही बच्चों पर डाल दिया जाता है.
सुधरगृह में कुछ रोज़ रहने के बाद विकास और उसके साथी तीन दिन की कोशिश में ग्रिल काटने में कामयाब रहे और रात में भाग लिए. इन बच्चों ने अपने अनुभव से ये भी जान लिया था कि भाग कर तुरंत स्टेशन पर नहीं जाना है क्योंकि पुलिस तलाशने के लिए पहले स्टेशन ही जायेगी. बच्चों ने एक रात गाँधी मैंदान में गुज़ारा और अगले दिन अपनी पुरानी दुनिया, यानि कि स्टेशन पर आ गये. आज़ादी के सिर्फ तीन दिन ही गुज़रे थे कि पुलिस ने इन्हें दुबारा गिरफ्तार कर सुधारगृह पहुचा दिया. तीन दिन के क़ैद के बाद एक बार फिर ये टोली भागने में कामयाब रही और इस बार पटना में ही पूरे एक महीना पुलिस से बचने में कामयाब हो गयी. एक महीने बाद पुलिस ने इन्हें फिर से सुधारगृह की चारदीवारी के अन्दर पंहुचा दिया. यहाँ एक दिन एक बच्चे की तबीयत ख़राब हो गयी और सब लोग उसको देखने लगे, इसी बीच सबकी निगाह बचाकर विकास भागने में कामयाब रहा, लेकिन वो दूर जा पाता इससे पहले ही एक कर्मचारी की निगाह उस पर पड़ गयी और उसने विकास को दौड़ा लिया. दौड़ा-भागी तो काफी हुई लेकिन विकास बचकर निकल जाने में कामयाब रहा.
इसी दौरान दो सामाजिक कार्यकर्ताओं से उसकी मुलाक़ात हुई, ये कोई पहली मुलाकात नही थी बल्कि वो इन महिलाओं को पहले से भी जनता था जो उसे हर मुलाकात में समझा बुझा कर अपनी संस्था में ले जाना चाहती थी. विकास भी रोज़ की भागादौड़ी से बाहर निकलना चाहता था इसलिए उसने इनकी बात मान ली और इस तरह इस संस्था द्वारा चलाये जाने वाले हॉस्टल में आ गया. आज वो इसी हॉस्टल में कक्षा 8 का छात्र है और इस सभ्य दुनिया का हिस्सा बनने की कोशिश कर रहा है.
सुधारगृह से भागने के बाद विकास ने नशा करना सीखा. इसका कारण भी अजीब है, उसे उसके सीनियर दोस्तों ने बताया कि नशा करने से पुलिस या पब्लिक की मार आसानी से सही जा सकती है क्योंकि इससे चोट लगने का एहसास नही होता. एक बार बच्चों की इस मानसिकता पर विचार कीजिये. हमारे और आपके बच्चों जैसे ये भी हैं और हमारी ही दुनिया में रहते हैं. ये बच्चे मानकर चल रहे हैं कि मार तो खानी ही है, इससे बचने का कोई उपाय उनकी दुनिया में नही है, लेकिन इस मार पीट को सहा जा सके इसका उपाय बच्चों ने ढूढ़ लिया है. एक ऐसा उपाय जो धीरे धीरे उन्हें मौत के करीब ले जाता है, एक ऐसा उपाय जो उनके चेहरे से मुस्कान और पैरों से भागने की ताकत छीन लेता है, एक एसा उपाय जो उन्हें हमारी नफरतों के और और करीब लाता है.
विकास का अपना एक परिवार है, जिसमे कई सारे बच्चे हैं कुछ एन जी ओ में हैं तो कुछ अभी स्टेशन पर वो उनसे मिलता जुलता है लेकिन वो कुछ और भी चाहता है. जो कुछ आज उसके पास है उससे ज़्यादा. वो कहता है कि जब दुसरे बच्चों के माँ बाप उनसे मिलने आते हैं या बच्चे अपने घर जाते हैं तो उसे लगता है कि उसके माँ बाप क्यों नही है, क्यों कोई उससे भी मिलने नही आता. वो भी कहीं किसी घर जाना चाहता है जहाँ उसका भी कोई इंतजार करता हो, जहाँ उसे अपने परिवार जैसा प्यार मिले. जब वो ये सब बताता हैं तो उसकी ऑंखें छलक पड़ती हैं जिसे वो सर झुकाकर छुपाने की कोशिश करता है, लेकिन बेबस होकर सुबुकने लगता है. फिर बड़ी मुश्किल से कहता है कि दिल चाहता है कि किसी ट्रेन के नीचे जाकर मर जाऊं, इस ज़िन्दगी का आखिर उपयोग ही क्या है. मैं उसे गले लगता हूँ और उसकी सिसकियाँ बढ़ जाती हैं.


**********

No comments:

Post a Comment